Indian Railways News => Topic started by railgenie on Jun 08, 2013 - 15:02:14 PM


Title - सरसौल समेत पांच स्थानों पर बनेंगे रेलवे स्टेशन
Posted by : railgenie on Jun 08, 2013 - 15:02:14 PM

दिल्ली-कोलकाता डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर परियोजना के तहत सरसौल, कंचौसी, झींझक, अछल्दा और इकदिल के पास रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। इन्हीं स्टेशनों के पास उप्र औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) औद्योगिक क्षेत्र भी बसाएगा। निगम ने इन क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिए सर्वे भी शुरू कर दिया है। उधर कॉरीडोर परियोजना के तहत शहर में दो रेलवे फ्लाईओवर भी बनेंगे।
कॉरीडोर सूबे में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका अदा करेगा। चूंकि यह कॉरीडोर सिर्फ मालगाड़ियों के लिए ही बन रहा है। ऐसे में अब उद्यमियों को कोलकाता के बंदरगाहों तक माल ले जाने और लाने में आसानी होगी। इसीलिए यूपीएसआईडीसी कॉरीडोर के स्टेशनों के पास ही औद्योगिक क्षेत्र बसाने की तैयारी कर रहा है। कॉरीडोर परियोजना से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक कानपुर के सरसौल, कानपुर देहात के झींझक, औरैया के कंचौसी, अछल्दा व इटावा के इकदिल में रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इन्हीं स्टेशनों पर माल लोड होगा और उतारा जाएगा। इसके साथ ही भीमसेन स्टेशन, मैथा व भाऊपुर को भी इस कॉरीडोर से जोड़ा जाएगा। इसीलिए यूपीएसआईडीसी भाऊपुर के पास लॉजिस्टिक पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है ताकि इस पार्क में ही उद्यमी माल रख सकें। प्रेमपुर व सरसौल के बीच, सरसौल से रूमा के बीच तथा मैथा से भाऊपुर के बीच दो-दो अंडरब्रिज बनेंगे। वहीं किसान नगर के पास राजमार्ग के ऊपर से और हमीरपुर सागर राजमार्ग पर बिनगवां के पास रेलवे फ्लाईओवर बनेगा, जिससे मालगाड़ियां गुजरेंगी।